भोजन की ओर आपको क्या आकर्षित करता है, प्रस्तुति या स्वाद...?

भोजन की ओर आपको क्या आकर्षित करता है, प्रस्तुति या स्वाद...?

नई दिल्ली:

क्या आपने कभी सोचा है कि हम ताजा बने हरे पालक पनीर, गर्मा-गर्म चॉकलेट ब्राउनी, कलरफुल सलाद या चॉकलेट चिप्स और काजू-बादाम से गार्निश की हुई वनीला आइसक्रीम देखकर कैसे उसे खाने का मन कर जाता है या उनकी तरफ कैसे आकर्षित हो जाते हैं? क्या खाने की कलरफुल प्रस्तुति ही हमें उसकी ओर आकर्षित करती है या उसका स्वाद या उससे मिलने वाला स्वास्थ्य लाभ हमें उसकी ओर खींचता है?

यह सवाल तो हम सभी के मन में हर रोज़ आता होगा, लेकिन इसका जवाब शायद हर किसी के पास न हो। इस सवालों का जवाब देते हुए सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने बताया कि, “हम पहले आंखों से ही भोजन की ओर आकर्षित होते हैं या यूं कह लें कि पहले आंखों से ही खाने का स्वाद चखा जाता है और खाने का पहला प्रभाव ही आखिरी होता है”। तकनीक के चलते दुनिया एक वैश्विक गांव बनती जा रही है और लोगों के प्रयोग भी बढ़ रहे हैं तथा वे दुनिया भर के स्वाद स्वीकार कर रहे हैं। विजुअल अपील वाली प्रस्तुति इसमें यकीनन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
 

बरार ने एजेंसी को बताया कि, “किसी भी खाने की सफलता इस बात पर मुख्य रूप से निर्भर करती है कि वह कैसा दिख रहा है और कैसे परोसा गया है”। शेफ बरार का कहना है कि जब खाने की प्रस्तुति और स्वाद में से किसी एक को चुनने की बात आती है तो जीत हमेशा स्वाद की ही होती है। शेफ रणवीर बरार ने कहा कि, “मुझे लगता है कि भोजन की प्रस्तुति निश्चित ही प्रभाव छोड़ती है पर उसका स्वाद ही है जो किसी को भी प्रभावित करता है। कोई खाद्य सामग्री अक्सर लोगों को उसके स्वाद से ही याद रहती है। कहने का मतलब है कि खानपान की दुनिया में बादशाहत स्वाद की है”।

बहरहाल, उन्होंने कहा कि, “मुझे लगता है कि जल्द ही हम यह महसूस करेंगे कि किसी भी खाद्य सामग्री का मूल तत्व उसका विशिष्ट स्वाद और महक है”। उन्होंने कहा कि आकर्षक प्रस्तुति किसी भी डिश को ऐसा बना देती है कि उसे खाने से आप खुद को रोक ही नहीं पाते।
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भोजन को आकर्षक रूप में प्रस्तुत करने के नुस्खे बताते हुए शेफ बरार ने बताया कि खाना हमेशा हल्के रंग की थाली- सफेद और ख़ासकर हाथीदांत के बर्तन में ही परोसना चाहिए। काले रंग के बर्तनों का प्रयोग सफेद या लाल रंग के भोजन को परोसने के लिए किया जा सकता है। थाली में रंगों का तालमेल उपयुक्त रूप से किया जाना चाहिए। चार रंगों से अधिक रंगों का प्रयोग एक थाली में नहीं करना चाहिए। अधिक रंगों के प्रयोग से खाना अटपटा दिख सकता है। शेफ ने कहा कि भोजन का आकर्षित दिखना आज के दौर की मूल आवश्यकता बन गया है, विशेषकर उस बाजार के निर्माण के लिए जो प्रस्तुति सहित भोजन के हर प्रारूप की सराहना करता है।